सर्वविदित है कि मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है। उसके लिए दूसरे मनुष्यों से मिलना एवं अपनी भावनाओं, इच्छाओं आदि का आदान प्रदान करना स्वाभाविक है। इस अभिव्यक्ति की इच्छा का ही परिणाम था कि मनुष्य के द्वारा भाषा का विकास हुआ। भाषा के माध्यम से अभिव्यक्ति की प्राप्ति के कई माध्यम मनुष्य ने विकसित किये। वाणी से अभिव्यक्ति सबसे सामान्य एवं प्राकृतिक रूप से प्राप्त हुआ, क्यूंकि एक शिशु भले ही भाषा का ज्ञान न रखता हो परन्तु अपनी प्रथम अभिव्यक्ति वह वाणी द्वारा ही करता है, सही पहचाना ........ रो कर।
.
.
परन्तु प्रत्येक मनुष्य के लिए भाषा एवं वाणी द्वारा अभिव्यक्ति सरल नहीं है। इसके कई कारण हो सकते हैं ..... उसका अंतर्मुखी स्वभाव बाधक हो सकता है, या फिर बहिर्मुखी होकर भी अपनी कुछ भावनाओ को वह सरलता से अभिव्यक्त नहीं कर सकता, या फिर वह सामान्य बोल चाल की भाषा से हट कर भाषा के सौंदर्य का उपयोग कर स्वयं को अभिव्यक्त करना चाहता है .... आदि आदि। अगर ऐसा कुछ है, या फिर ऐसा ही कोई और कारण है तब उस परिस्थिति में वाणी द्वारा अभिव्यक्ति सही माध्यम नहीं जान पड़ता। और मनुष्य कलम उठाता है और भाषा के पूर्ण सौंदर्य का प्रयोग कर अपने अचिन्त्य से अचिन्त्य विचारों को भी भाषा का जामा पहना देता है ............ जिसे हम सब कविता के नाम से जानते हैं।
.
.
ये मेरा प्रयास था कविता को परिभाषित करने का, जिसकी पूर्णता को लेकर मैं कोई दावा नहीं कर सकता। अब मैं ये बताना चाहूँगा की मेरे लिए कविता क्या है .......
कुछ यूँ कह सकता हूँ की कविता मुझे प्राकृतिक रूप से और सहजता से ही आ मिली। या यूँ कहूं की कविता कहने के लिए मुझे प्रयास नहीं करना होता। जब मस्तिस्क में कोई विचार कौंध जाता है जिसकी चमक और गूँज दिल तक छू जाती है तब कविता अपने आप प्रकट हो जाती है।
.
.
अब तक लिपिबद्ध लगभग १०० कविताओं में से प्रत्येक कविता में मेरा कुछ अंश आंशिक या पूर्ण रूप से अवश्य रहा है। बस इतना है की कुछ कविताओं में काल्पनिकता की प्रधानता अधिक है वहीँ कुछ में कम ।
.
.
ये ब्लॉग मेरा प्रयास है अपनी उन्ही कविताओं को और अपने ऐसे ही विचारों को आप तक पहुचाने का। मुझे विश्वास है मेरा ये प्रयास आप सभी द्वारा सराहनीय एवं प्रोत्साहित अवश्यय होगा।
.
.
धन्यवाद !!!